RANCHI : मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और ‘लहरा दो तिरंगा’ अभियान के समर्थन में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को रांची में कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इसमें Cockroach Janata Party (CJP), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF), अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (AIPWA) और झारखंड जनाधिकार महासभा के प्रतिनिधि शामिल हुए. संगठनों ने नई दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन के प्रति एकजुटता जताई और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही, पुलिस कार्रवाई तथा लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए.
दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर जताई चिंता
CJP सदस्य सृष्टि एक्का ने नई दिल्ली में प्रदर्शन स्थल बदले जाने, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की आलोचना की. उन्होंने पुलिस कार्रवाई और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लोकतांत्रिक अधिकार को लेकर चिंता जताई. वक्ताओं ने कहा कि असहमति व्यक्त करने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए.
झारखंड में संयुक्त विरोध प्रदर्शन की तैयारी
AISA की झारखंड राज्य सह सचिव संजना मेहता ने कहा कि आने वाले दिनों में सभी संबंधित संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर झारखंड में संयुक्त विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की योजना है. उन्होंने बताया कि इस पहल के जरिए निर्वाचन आयोग की जवाबदेही, मुख्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया, पुलिस कार्रवाई और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को छात्र-युवाओं और आम लोगों के बीच उठाया जाएगा.
SIR को लेकर भी उठाए सवाल
इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा भी उठा. प्रवीर पीटर ने नई दिल्ली में पुलिस कार्रवाई के दौरान अपने अनुभव साझा किए और मौजूदा स्थिति को ‘अघोषित आपातकाल’ बताया. उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहा है. AISF के रांची जिला अध्यक्ष एहतेशाम प्रवीण ने भी महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट और विभिन्न स्थानों पर महिलाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख किया.
मेलबर्न में भी प्रदर्शन का जिक्र
कायनात अंजुम ने बताया कि CJP झारखंड के संस्थापक यशवीर सिंह, जो ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रह रहे हैं, SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों को वहां भी उठाएंगे. उन्होंने मेलबर्न स्थित विक्टोरिया संसद के बाहर प्रस्तावित प्रदर्शन का जिक्र किया. इसके साथ ही CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के आह्वान पर आयोजित ‘लहरा दो तिरंगा’ अभियान के समर्थन की बात कही गई.
कई संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
CJP की रांची नेता सृष्टि एक्का और कायनात अंजुम, AISA की झारखंड राज्य सह सचिव संजना मेहता, AISF के रांची जिला अध्यक्ष एहतेशाम प्रवीण, AIPWA की राज्य संयोजक नंदिता भट्टाचार्य तथा झारखंड जनाधिकार महासभा के कार्यकर्ता और भारत जोड़ो अभियान के राज्य संयोजक प्रवीर पीटर शामिल हुए. संगठन ने निर्वाचन आयोग की जवाबदेही और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर साझा आवाज उठाने तथा झारखंड में आगे संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने की मंशा जाहिर की.
