RANCHI/GUMLA :देश के लिए हॉकी में स्वर्ण पदक जीतने वाली गुमला की बेटी पार्वती तोपनो के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है. लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण कामडारा के कुम्हार टोली स्थित उनके घर की दीवार ढह गई. परिवार ने लकड़ी के सहारे दीवार को किसी तरह संभाल रखा है. ऐसे में घर के और क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है.

चीन में जीता गोल्ड, घर की हालत जर्जर
पार्वती तोपनो तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं. उन्होंने एपिफानी बालिका विद्यालय में पढ़ाई के दौरान हॉकी खेलना शुरू किया था. इसके बाद उनका चयन रांची स्थित एकलव्य हॉस्टल में हुआ, जहां उन्होंने हॉकी का प्रशिक्षण लिया.
बीते 4 से 13 सितंबर तक चीन में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप में पार्वती गुमला जिले की इकलौती हॉकी खिलाड़ी के रूप में भारतीय टीम का हिस्सा बनीं. उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता और देश, राज्य व गुमला का नाम रोशन किया.
मजदूरी कर परिवार चलाते हैं पिता
पार्वती के पिता सोमा तोपनो मजदूरी और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के लिए घर की मरम्मत कराना भी मुश्किल है. बारिश के बाद दीवार गिरने से परिवार की परेशानी और बढ़ गई है.
परिवार ने किसी तरह लकड़ी के सहारे क्षतिग्रस्त दीवार को टिकाकर रखा है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द मदद नहीं मिली, तो घर का बाकी हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो सकता है.
प्रशासन से मदद की उम्मीद
चीन में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटी पार्वती तोपनो के परिवार को अब प्रशासन से मदद की उम्मीद है. उनके पिता ने प्रखंड और जिला प्रशासन से घर की मरम्मत और परिवार की सहायता की गुहार लगाई है. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द मदद उपलब्ध कराने की मांग की है.
