RANCHI/JAMSHEDPUR : जमशेदपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई. हादसे की खबर सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक गलियारे में भी शोक की लहर है. मुख्यमंत्री से लेकर कई नेताओं ने इस हादसे पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तृषा सिंह समेत हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द बेहद असहनीय होता है और इसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है. मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों को इस मुश्किल समय में संबल मिलने की कामना की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की.

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी जताई संवेदना
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए इस कठिन समय में उन्हें हिम्मत और शक्ति मिलने की कामना की.

बाबूलाल मरांडी समेत कई नेताओं ने जताया शोक
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी तृषा सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं. इसके अलावा सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, धीरज साहू और विधायक राजेश कच्छप समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
हादसे ने कई परिवारों को दिया गहरा सदमा
जमशेदपुर में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक साथ कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत के बाद परिजनों और करीबियों के बीच शोक का माहौल है. दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिलने की कामना की जा रही है.
इसे भी पढ़े : मां की हत्या कर 3 दिन तक घर में शव के साथ रहा बेटा, बेटी पहुंची तो खुला खौफनाक राज
