DHANBAD : धनबाद पुलिस ने कुख्यात अपराधी हैदर अली उर्फ प्रिंस खान गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के सक्रिय सदस्य सैयद अब्बास नकवी उर्फ सेफी उर्फ मेजर को गिरफ्तार किया है. आरोपी को कोलकाता एयरपोर्ट से पकड़कर धनबाद लाया गया, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गैंग के नेटवर्क, फंडिंग और कई सनसनीखेज वारदातों को लेकर अहम जानकारियां सामने आई हैं.

कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार गैंग सदस्य ‘मेजर’ से पूछताछ में रंगदारी,
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मेजर लंबे समय से प्रिंस खान गैंग के लिए काम कर रहा था और जिले में रंगदारी, धमकी, गोलीबारी और नेटवर्क संचालन में उसकी अहम भूमिका थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी व्यवसायियों की रेकी करता था और मोबाइल फोन के जरिए धमकी भरे कॉल व मैसेज भेजकर रंगदारी वसूलने का काम करता था. जांच में यह भी सामने आया है कि रंगदारी से जुटाई गई रकम को अलग-अलग बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए गैंग सरगना प्रिंस खान तक पहुंचाया जाता था. पुलिस ने दावा किया है कि इस मामले में 100 से ज्यादा बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनकी जांच की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी तकनीकी रूप से काफी सक्रिय था और गैंग के आर्थिक नेटवर्क को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था. पूछताछ में यह भी खुलासा होने का दावा किया गया है कि प्रिंस खान पाकिस्तान में छिपा हुआ है और वहां उसका संपर्क प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हो सकता है. हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. धनबाद पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी ने कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में गैंग की भूमिका को लेकर भी जानकारी दी है. इनमें रंगदारी को लेकर गोलीबारी, बमबाजी, जमीन विवाद और हत्या जैसी घटनाएं शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार 2021 के नन्हे खान हत्याकांड, 2023 के उपेंद्र सिंह हत्याकांड और 2024 के शाहबुद्दीन हत्याकांड में भी गैंग की संलिप्तता सामने आई है. इसके अलावा पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गैंग के संचालन में प्रिंस खान के करीबी रिश्तेदार और सहयोगी भारत और दुबई से मदद पहुंचा रहे थे. फिलहाल पुलिस आर्थिक लेन-देन, संपत्ति निवेश और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी हुई है.धनबाद पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान गैंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में कई अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है
