RANCHI : बिहार और झारखंड में प्री-मॉनसून गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार इस बार मॉनसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है. लगातार हो रही बारिश और बदले मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के लिए भी यह मौसम फायदेमंद साबित हो सकता है.
बिहार के कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के जमुई, बांका, खगड़िया, बेगूसराय, दरभंगा, समस्तीपुर और सहरसा समेत कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मेघगर्जन के साथ अच्छी बारिश होने के आसार हैं, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा.
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम, सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बिहार के ऊपर गुजर रही जेट स्ट्रीम की वजह से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. पिछले करीब दो हफ्तों से पूर्वी हवाएं लगातार नमी ला रही हैं, जिसके कारण प्री-मॉनसून गतिविधियां काफी सक्रिय हो गई हैं. यही कारण है कि इस बार सामान्य से करीब 180 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है.
रांची में आंधी और बारिश से बदला मौसम
झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में बुधवार देर रात तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया. गुरुवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी.
इसे भी पढ़ें : धनबाद में पेट्रोल को लेकर मची अफरा-तफरी, कई पंपों पर खत्म हुआ स्टॉक
बीते एक सप्ताह से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को झमाझम बारिश ने राहत पहुंचाई है. पिछले दो दिनों से लगातार काले बादल छाने और तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि कई जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़ और टहनियां गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ.
