RANCHI : रविवार 27 सितंबर को आमतौर पर बैंक बंद रहते हैं, लेकिन आज SBI समेत सभी पब्लिक सेक्टर बैंक (PSB) और रीजनल रूरल बैंक (RRB) खुले रहेंगे. 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है.
आज क्यों खुले हैं बैंक?
दरअसल, 28 सितंबर से 30 सितंबर तक बैंक यूनियनों ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. इससे पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार की छुट्टी होने के कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती थीं. इसी को देखते हुए 27 सितंबर को सरकारी बैंकों और RRBs को खोलने की व्यवस्था की गई है.
SBI समेत इन बैंकों में होगा काम
आज SBI समेत सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं देंगे. ग्राहक कैश जमा करने, दस्तावेजी काम, अकाउंट से जुड़ी रिक्वेस्ट और अन्य जरूरी ब्रांच-बेस्ड काम निपटा सकते हैं.
हालांकि, सभी बैंक आज खुले हों, ऐसा नहीं है. प्राइवेट सेक्टर बैंकों की शाखाओं की स्थिति अलग हो सकती है. इसलिए निजी बैंक के ग्राहक बैंक जाने से पहले अपनी शाखा या बैंक के आधिकारिक अपडेट से जानकारी जरूर ले लें.
28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. ऐसे में जिन ग्राहकों का कोई जरूरी काम है, वे आज ही उसे पूरा कर लें.
हड़ताल के दौरान ग्राहक जरूरत के अनुसार UPI, ATM, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि किसी खास बैंक या शाखा में सेवाओं की उपलब्धता अलग हो सकती है.
इसे भी पढ़े : खिजरी विधायक राजेश कच्छप के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने थामा कांग्रेस का दामन
रिपोर्ट : विजय ठाकुर ,गोड्डा
