RANCHI : झारखंड में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली 108 एंबुलेंस सेवा पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. बकाया वेतन, वेतन से कथित मनमानी कटौती और अन्य लंबित मांगों को लेकर एंबुलेंस कर्मचारियों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है. इस दौरान कर्मचारी एनएचएम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे. संघ ने साफ कर दिया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : छठ के बाद बदलेगा झारखंड का मौसम, अगले 5 दिनों तक छाये रहेंगे बादल, बारिश के भी आसार

बकाया वेतन और कथित कटौती को लेकर नाराजगी
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ की सबसे प्रमुख मांग अगस्त से अक्टूबर तक के बकाया वेतन का भुगतान करना है. इसके अलावा फरवरी 2025 से कर्मचारियों के वेतन में की जा रही कथित मनमानी कटौती की जांच कराने और अब तक काटी गई राशि वापस करने की मांग भी शामिल है.
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध इस संगठन ने वेतन भुगतान से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है. कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याएं लंबित हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है. इसी वजह से उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा है. कर्मचारियों ने अपनी मांगों में खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान की जांच का मुद्दा भी उठाया है. इसके साथ ही कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी तैयार करने के लिए दबाव बनाए जाने पर रोक लगाने की मांग की गई है.
संघ का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग ने उनकी शिकायतों और मांगों को गंभीरता से नहीं लिया। लगातार अनदेखी किए जाने से नाराज कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल और कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है.
हड़ताल से मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी
108 एंबुलेंस सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. ऐसे में यदि कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाते हैं, तो राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका असर पड़ सकता है. खासकर दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में मुश्किलें आने की आशंका है.
कर्मचारियों के इस फैसले से स्वास्थ्य विभाग के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है. हालांकि, संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें : रांची के होटवार जेल में विचाराधीन कैदी से यौन उत्पीड़न का आरोप, 19 लोगों के खिलाफ FIR
छठ पूजा तक समाधान का मिला था आश्वासन : नीरज तिवारी
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पहले अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ वार्ता हुई थी. उस दौरान छठ पूजा तक समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया गया था. नीरज तिवारी के मुताबिक, आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है और कर्मचारियों की समस्याएं पहले की तरह बनी हुई हैं. इसी से नाराज होकर संघ ने 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है.
अब देखना होगा कि कर्मचारियों की हड़ताल शुरू होने से पहले स्वास्थ्य विभाग उनकी मांगों पर कोई पहल करता है या फिर झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर संकट और गहराता है.
