RANCHI : राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में हुए बिट्टू सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों संजय कुमार सिंह और बॉबी विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की बेंत, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की है.
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 की सुबह धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो गांव में डैम के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था. शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हुआ. बाद में मृतक की पहचान 31 वर्षीय बिट्टू सिंह के रूप में हुई. वह धुर्वा के सेक्टर-9 स्थित शर्मा मार्केट का रहने वाला था. मृतक के पिता के आवेदन पर धुर्वा थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी.
शराब पीने के बाद हुआ था विवाद
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसके अलावा मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई.
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि मृतक बिट्टू सिंह और दोनों आरोपियों के बीच शराब पीने के बाद विवाद हुआ था. इसी दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर गाड़ी में रखी लकड़ी की बेंत से बिट्टू सिंह के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया. इसके बाद आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों में एक का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार सिंह (करीब 30 वर्ष), निवासी शर्मा रोड, धुर्वा और बॉबी विश्वकर्मा (करीब 27 वर्ष), निवासी लाह फैक्ट्री, हिंदपीढ़ी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय कुमार सिंह के खिलाफ पहले भी धुर्वा थाने में दो मामले दर्ज हैं. इनमें वर्ष 2022 का मामला धारा 279 और 427 भादवि के तहत तथा वर्ष 2018 का मामला धारा 323, 341, 342 और 34 भादवि के तहत दर्ज है.
हत्या में इस्तेमाल कार और लकड़ी की बेंत बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्न सामान जब्त किया है:
- हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की बेंत.
- आरोपियों के दो मोबाइल फोन.
- घटना में इस्तेमाल की गई एक कार.
इस कार्रवाई में डीएसपी हटिया नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनील कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक लव कुमार, हीरालाल साह, तकनीकी शाखा के गगन ठाकुर, सहायक अवर निरीक्षक बलेन्द्र सिंह और धुर्वा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना की मदद से इस हत्याकांड का खुलासा किया गया है.
