RANCHI: रांची रेलवे स्टेशन से लापता हुए चार साल के बच्चे विवान की तलाश आखिरकार पूरी हो गई. पुलिस ने बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र स्थित बाबूपाड़ा से सुरक्षित बरामद कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है.
बच्चे की बरामदगी के बाद रांची पुलिस की टीम रविवार देर रात करीब 12 बजे विवान को लेकर रांची पहुंची. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.
CCTV फुटेज ने खोला जांच का रास्ता
बच्चे के लापता होने के बाद पुलिस ने रांची रेलवे स्टेशन और उसके आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया. जांच टीम ने 110 से ज्यादा CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की.
फुटेज में एक युवक बच्चे को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया. इसके अलावा उसके आसपास कई अन्य संदिग्ध लोग भी नजर आए. CCTV में मिले इन सुरागों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया. तकनीकी जांच और मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम साहिबगंज के तीनपहाड़ इलाके तक पहुंची.
एक युवक से पूछताछ के बाद मिली बड़ी जानकारी
जांच के क्रम में पुलिस ने तीनपहाड़ के हाथीगढ़ निवासी रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन को हिरासत में लिया. उससे पूछताछ के बाद पुलिस को बाबूपाड़ा इलाके में बच्चे के मौजूद होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित इलाके में छापेमारी की और एक घर से विवान को सुरक्षित बरामद कर लिया. मामले में पुलिस ने रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन, जमीदार शेख, तस्वीर शेख, बिट्टू सिंह, छोटू नोनिया और कयूम अंसारी को गिरफ्तार किया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर बच्चों को चोरी जैसी घटनाओं में इस्तेमाल किए जाने की आशंका से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि इन सूचनाओं का अभी सत्यापन किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट स्थिति सामने आएगी.
इसे भी पढ़े: एक रात, चार घर और लाखों की चोरी! आखिर देवरी में चोरों ने कैसे मचाया आतंक?
मां से कुछ मिनटों की दूरी में गायब हो गया था बच्चा
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर निवासी दिलमेत राजवाड़े अपनी बेटी और चार वर्षीय बेटे विवान के साथ 24 सितंबर को रांची रेलवे स्टेशन पहुंची थीं. वे आंध्र प्रदेश से लौटने के बाद छत्तीसगढ़ जाने के लिए रांची आई थीं.
स्टेशन परिसर में सामान रखने के बाद दिलमेत यात्रा से संबंधित जानकारी लेने के लिए कुछ दूरी पर गईं. इसी दौरान विवान वहां से गायब हो गया. बच्चे के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की गई.
पुलिस अब घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी
विवान की सुरक्षित बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे को स्टेशन से किसने और किस उद्देश्य से अपने साथ ले जाया था. साथ ही घटना में गिरफ्तार छह लोगों की भूमिका और उनके आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
