RANCHI: झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को लेकर अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है. साल 2016 के बाद राज्य में JTET नहीं हुई है. ऐसे में परीक्षा की तैयारी कर रहे कई अभ्यर्थियों की उम्र अब 35 से 36 वर्ष तक पहुंच चुकी है. अभ्यर्थियों के सामने अब सिर्फ परीक्षा की तारीख का सवाल नहीं है, बल्कि नौकरी की निर्धारित उम्र सीमा पार होने की चिंता भी बढ़ रही है. साल 2016 में जब आखिरी बार JTET हुई थी, उस समय शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे कई अभ्यर्थी अब नौकरी की उम्र सीमा के करीब पहुंच चुके हैं. यानी परीक्षा का इंतजार वर्षों तक चलता रहा, लेकिन अभ्यर्थियों की उम्र लगातार बढ़ती रही.
उम्र सीमा को लेकर बढ़ी चिंता
शिक्षक नियुक्ति में अनारक्षित वर्ग के लिए अधिकतम उम्र सीमा 40 वर्ष और पिछड़ा वर्ग के लिए 42 वर्ष बतायी गयी है. ऐसे में JTET के आयोजन के बाद भी यदि शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया में लंबा समय लगता है, तो उम्र सीमा पार करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ सकती है. राज्य में हर साल करीब 15 हजार अभ्यर्थी शिक्षक प्रशिक्षण और B.Ed. पूरा करते हैं. JTET नहीं होने की वजह से पहली से आठवीं कक्षा तक शिक्षक नियुक्ति के लिए उनकी पात्रता प्रक्रिया प्रभावित होती है. करीब 4.40 लाख अभ्यर्थी JTET का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में परीक्षा में देरी का असर सिर्फ उनकी तैयारी पर नहीं, बल्कि उनकी नौकरी के अवसर और उम्र सीमा पर भी पड़ रहा है.
झारखंड में 2 JTET, CBSE करा चुका है 21 CTET
JTET के आयोजन को लेकर झारखंड की स्थिति की तुलना केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) से भी की जा रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2012 से अब तक झारखंड में सिर्फ दो JTET हुई हैं, जबकि इसी अवधि में CBSE 21 CTET करा चुका है और 22वीं CTET की तारीख भी घोषित की जा चुकी है. इस अंतर को लेकर अभ्यर्थियों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि जब शिक्षक पात्रता परीक्षा लगातार आयोजित की जा सकती है, तो झारखंड में JTET के आयोजन में इतनी लंबी देरी क्यों हुई.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं हुई परीक्षा
JTET को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने 31 मार्च 2026 तक परीक्षा कराने का आदेश दिया था. हालांकि तय समय सीमा के भीतर परीक्षा नहीं हो सकी. इसके बाद जैक की ओर से 11 अक्टूबर को परीक्षा कराने की जानकारी दी गयी थी, लेकिन यह तारीख भी टल गयी. अब जैक ने हाईकोर्ट को 1 नवंबर 2026 को JTET आयोजित करने की बात बतायी है. हालांकि परीक्षा की अंतिम आधिकारिक प्रक्रिया और तारीख को लेकर अभ्यर्थियों की नजर जैक की ओर से जारी होने वाली सूचना पर है.
अभ्यर्थियों का सबसे बड़ा सवाल, उम्र का क्या होगा?
JTET में देरी के बीच सबसे बड़ा सवाल उन अभ्यर्थियों की उम्र को लेकर है, जो पहले से ही निर्धारित उम्र सीमा के करीब पहुंच चुके हैं. अभ्यर्थियों के लिए यह सिर्फ एक परीक्षा का इंतजार नहीं है. वर्षों तक परीक्षा नहीं होने से उनके शिक्षक बनने की योजना और नियुक्ति के अवसर पर भी असर पड़ रहा है. अब नजर इस बात पर है कि 1 नवंबर 2026 को JTET वास्तव में आयोजित होती है या अभ्यर्थियों को एक बार फिर नई तारीख का इंतजार करना पड़ेगा.
REPORT: TANNU PRIYA,RANCHI
