RANCHI : राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह भारी बारिश और तेज आंधी के बीच बड़ा हादसा टल गया. डोरंडा स्थित संत जेवियर स्कूल की चलती बस पर एजी मोड़ के पास अचानक एक विशाल पेड़ गिर पड़ा. हादसे के वक्त बस में स्कूली बच्चे सवार थे. गनीमत रही कि सभी बच्चे और बस स्टाफ सुरक्षित हैं.

चलती बस पर अचानक गिरा पेड़
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे संत जेवियर स्कूल, डोरंडा की बस बच्चों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान एजी मोड़ के पास तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक एक विशाल पेड़ बस पर गिर पड़ा. पेड़ गिरते ही बस में बैठे बच्चे सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग और पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों की मदद की. इसके बाद स्कूल प्रबंधन और रांची पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का काम शुरू किया गया, ताकि यातायात को सामान्य किया जा सके.

सभी बच्चे सुरक्षित
इस हादसे में किसी भी बच्चे या बस स्टाफ को चोट नहीं आई. बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं. भारी बारिश और तेज आंधी के बीच हुए इस हादसे में किसी के घायल नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली.
इसे भी पढ़े : गिरिडीह में दरोगा के पुत्र की पीट-पीटकर हत्या, फास्टफूड खाने गया था ऋतिक
