RANCHI : करमा पर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम की ओर से शहर के सरना स्थलों और अखड़ों का निरीक्षण किया जा रहा है. इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के साथ कई प्रमुख स्थलों का जायजा लिया. आयुक्त ने सहजानंद चौक, सरना टोली, हातमा बस्ती, रांची कॉलेज छात्रावास और करमटोली चौक समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली.
इसे भी पढें : 25 सितंबर तक बदला रहेगा झारखंड का मौसम, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
298 सरना स्थलों और अखड़ों में दुरुस्त होंगी सुविधाएं
नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के 53 वार्डों में चिन्हित 298 सरना स्थलों और अखड़ों में जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं. इनमें साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और सड़क व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा गया है. पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी सरना स्थलों और वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत घास की कटाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम किया जाएगा.
जरूरत के अनुसार पेवर ब्लॉक और सड़क समतलीकरण का काम
नगर निगम की ओर से जरूरत के मुताबिक सरना स्थलों पर पेवर ब्लॉक लगाने, स्टोन डस्ट बिछाने और जेसीबी की मदद से जमीन के समतलीकरण का काम भी कराया जाएगा. इसके अलावा खुले नालों पर स्लैब लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. करमा पर्व को लेकर नगर निगम की तैयारियों का उद्देश्य शहर के सरना स्थलों और अखड़ों में स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है. अब देखना होगा कि अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे हो पाते हैं या नहीं.
इसे भी पढें : बृजेश गंझू की मौत के साथ टीएसपीसी के दो दशक के सफर पर विराम
