RANCHI : झारखंड की पूर्व पर्यटन मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री विमला प्रधान का निधन हो गया है. उन्होंने शुक्रवार रात करीब 9 बजे रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली. 69 वर्ष की विमला प्रधान लंबे समय से लीवर संबंधी बीमारी से जूझ रहीं थी, उनके निधन की खबर से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है.
इसे भी पढें : एक तरफ स्वास्थ्य शिविर, दूसरी तरफ गंदगी और बदहाली में जिंदगी
कई महीनों से चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार, विमला प्रधान पिछले कई महीनों से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं. लीवर की बीमारी के इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद भी ले जाया गया था. इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से घर लाया गया. हालांकि, पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार रात करीब 9 बजे उनका निधन हो गया.
दो बार रह चुकी थीं सिमडेगा की विधायक
विमला प्रधान झारखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण नाम थीं. वह सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुकी थीं. इसके अलावा, उन्होंने झारखंड सरकार में पर्यटन मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली थी. भाजपा की वरिष्ठ नेत्री के निधन की खबर सामने आने के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के कई नेताओं ने विमला प्रधान के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की. विमला प्रधान के निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है.
इसे भी पढें : JSCB वित्तीय गड़बड़ी मामले में ED का बड़ा एक्शन, झारखंड-ओडिशा में 7 ठिकानों पर सर्च
