RANCHI : झारखंड-बंगाल सीमा क्षेत्र में सक्रिय माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है. प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के सेंट्रल कमेटी सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश ने पश्चिम बंगाल में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है. झारखंड पुलिस मुख्यालय ने भी उसके सरेंडर करने की पुष्टि की है.
झारखंड और ओडिशा में घोषित था 2.20 करोड़ का इनाम
असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा सरकार की ओर से कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था. इसमें झारखंड सरकार ने 1 करोड़ रुपये, जबकि ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपये का इनाम रखा था. असीम मंडल पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर का रहने वाला है. वह लंबे समय से झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे इलाकों में माओवादी गतिविधियों से जुड़ा रहा है.
दस्ते के सदस्यों के सरेंडर के बाद बढ़ा दबाव
जानकारी के मुताबिक, हाल के दिनों में असीम मंडल के दस्ते के कई सदस्यों ने आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद संगठन के भीतर भी उस पर सरेंडर करने का दबाव बढ़ने की बात सामने आई थी. अब असीम मंडल के आत्मसमर्पण को झारखंड और बंगाल के सीमा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है.हालांकि, आत्मसमर्पण की पूरी परिस्थितियों और आगे की कानूनी प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
