RANCHI : झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद अब बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए तूफान ‘मुरासु’ ने राज्य के मौसम को लेकर चिंता बढ़ा दी है. राजधानी रांची समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान ‘मुरासु’ का प्रभाव दक्षिणी झारखंड और संथाल परगना के कुछ इलाकों में अधिक देखने को मिल सकता है. खासकर सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में बारिश होने के आसार हैं.
3 नवंबर को इन जिलों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 3 नवंबर को रांची, खूंटी, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. इन जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है. वहीं, संथाल परगना के देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में भी मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. इन इलाकों में बादल छाने की संभावना जताई गई है.
तूफान ‘मुरासु’ का सबसे ज्यादा प्रभाव राज्य के दक्षिणी हिस्से में रहने का अनुमान है. सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के लोगों को बारिश और बदले हुए मौसम का सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा पलामू प्रमंडल के कुछ इलाकों में भी तूफान का असर देखने को मिल सकता है.
4 से 6 नवंबर तक सुबह में छाया रहेगा कुहासा
बारिश के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय धुंध और हल्का कुहासा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 6 नवंबर के बीच रांची, डालटनगंज, हजारीबाग, बोकारो और जमशेदपुर में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो सकता है.
दूसरी ओर, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, गिरिडीह और पलामू में बारिश की संभावना कम है. हालांकि, इन क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बादल छाए रह सकते हैं. कुल मिलाकर, अगले कुछ दिनों तक झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखने की जरूरत है.
