RANCHI : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र और मॉनसूनी चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। घने बादलों और बारिश के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है. इस बीच वज्रपात की चपेट में आने से राज्य में पांच लोगों की मौत हो गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक 49 मिमी बारिश मेदिनीनगर में दर्ज की गई। इसके अलावा रांची में 35 मिमी और जमशेदपुर में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
वज्रपात से पांच लोगों की मौत
लगातार बारिश के बीच कई इलाकों में वज्रपात की घटनाएं भी सामने आई हैं.राज्य में वज्रपात की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हुई है.इनमें हजारीबाग में दो, जबकि गुमला, खूंटी और गिरिडीह में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है.
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है.
इसे भी पढ़े : जयराम महतो की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम, 5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
28 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 अगस्त को झारखंड के चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है.
वहीं, रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहने और दिन के दौरान मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है.
29 अगस्त को इन जिलों में चेतावनी
29 अगस्त को गिरिडीह, देवघर, दुमका, हजारीबाग, जामताड़ा और सरायकेला–खरसावां में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
30 अगस्त को नौ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 30 अगस्त को गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है.
31 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
31 अगस्त को भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. इस दिन देवघर, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम खराब रहने के दौरान लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. खासकर वज्रपात के समय पेड़ के नीचे, खुले मैदान या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए आने वाले दिनों में झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात का असर बने रहने की संभावना है.
इसे भी पढ़े : अभय तिवारी की रिमांड 3 दिन बढ़ी,पत्नी और भाई जेल भेजे गए
