RANCHI : डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है. बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में एसोसिएशन ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार और पुलिस प्रशासन को पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया है. एसोसिएशन का कहना है कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्यभर के पुलिसकर्मी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे.
आधी रात थाने पहुंचने का आरोप
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के मुताबिक, पूरा मामला 21 अगस्त 2026 की रात का है. एसोसिएशन का आरोप है कि जयराम महतो ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित तौर पर अमर्यादित भाषा में बात की और धमकी दी. आरोप के मुताबिक, विधायक ने कहा कि सरकार बदलने के बाद वह जिस भी थाने में तैनात रहेंगे, उन्हें खोजकर उनकी नौकरी बर्बाद कर दी जाएगी. साथ ही ऑफ ड्यूटी रहने पर सबक सिखाने की बात भी कही गई. एसोसिएशन का दावा है कि इसके बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ देर रात बरवाअड्डा थाना पहुंचे. वहां थाना प्रभारी के कार्यालय में रखे सामान को कथित तौर पर इधर-उधर किया गया और उनकी नेम प्लेट तोड़ दी गई.

इन धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
थाना प्रभारी रवि कुमार के प्रतिवेदन के आधार पर बरवाअड्डा थाना में 22 अगस्त 2026 को कांड संख्या 146/26 दर्ज किया गया है. पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) लगाई गई हैं. मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के अलावा 10 नामजद और करीब 40 से 50 अज्ञात समर्थकों को भी आरोपी बनाया गया है.
पुलिसकर्मियों में नाराजगी, सरकार से कार्रवाई की मांग
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने पूरे घटनाक्रम को पुलिसकर्मियों के सम्मान और वर्दी की गरिमा से जुड़ा मामला बताया है. एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू और धनबाद शाखा ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल और ठोस कार्रवाई की मांग की है. एसोसिएशन ने यह भी आशंका जताई है कि कथित धमकी और बयानों से पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है.
5 दिन में गिरफ्तारी नहीं तो आंदोलन
पुलिस एसोसिएशन ने साफ किया है कि अगर पांच दिनों के भीतर आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं होती है, तो राज्यभर में विरोध शुरू किया जाएगा. पहले चरण में पुलिसकर्मी काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे. इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार समेत बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है. फिलहाल इस पूरे मामले में विधायक जयराम कुमार महतो की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.
