RANCHI : JPSC CGL पेपर लीक मामले में जांच कर रही सीआईडी की कार्रवाई लगातार जारी है. टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी से पूछताछ के लिए अदालत ने उसकी रिमांड अवधि तीन दिन और बढ़ा दी है. वहीं, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी से पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
60 से अधिक संदिग्धों से हो चुकी है पूछताछ
जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले की जांच के लिए एसटीएफ के आईजी अनूप बिरथरे की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी लगातार मामले से जुड़े आरोपियों और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है.
जांच के दौरान अब तक 60 से अधिक संदिग्धों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं. इसी क्रम में अभय कुमार तिवारी से भी लगातार पूछताछ की जा रही है.
पूछताछ के दौरान अभय तिवारी ने कथित तौर पर बताया था कि 12-12 लाख रुपये देकर पेपर लीक कराया गया था.उसने यह भी दावा किया था कि बोकारो में अभ्यर्थियों को प्रश्न और उत्तर रटवाए गए थे और वह खुद भी इस प्रक्रिया में सफल हुआ था.
वेबेल के मालिक की तलाश में CID
मामले में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी वेबेल पर पेपर लीक कराने का आरोप है. सीआईडी अब एजेंसी के मालिक मिथिलेश सिंह की तलाश कर रही है.
जांच एजेंसी मिथिलेश सिंह से पूछताछ करना चाहती है. इसके लिए उसकी तलाश तेज कर दी गई है.
पूर्व JPSC अध्यक्ष समेत पांच आरोपियों की जमानत पर 2 सितंबर को सुनवाई
इधर, 14वें जेपीएससी फर्जीवाड़ा मामले में पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल खियांग्ते समेत पांच आरोपियों की जमानत याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हुई. अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत ने सुनवाई के बाद अगली तारीख 2 सितंबर निर्धारित की है.
सुनवाई के दौरान सीआईडी ने अदालत में केस डायरी भी प्रस्तुत की.
जमानत याचिका दाखिल करने वालों में पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल खियांग्ते, अभय कुमार तिवारी, श्वेता गुप्ता, सुमन सौरव और उमेश कुमार शामिल हैं.
10 अगस्त को गिरफ्तार हुए थे एल खियांग्ते
गौरतलब है कि सीआईडी ने 10 अगस्त को पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल खियांग्ते को गिरफ्तार किया था. वहीं, अभय कुमार तिवारी को 22 जुलाई को गोड्डा से गिरफ्तार किया गया था.
अभय तिवारी ब्लैकलिस्टेड कंपनी टीडीपीएल में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत था. वहीं, श्वेता गुप्ता जेपीएससी में परीक्षा नियंत्रक के पद पर कार्यरत थीं.
फिलहाल, जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में सीआईडी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां या पूछताछ हो सकती है.
इसे भी पढ़े : झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी
