RANCHI / GODDA : शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए गोड्डा नगर थाना पुलिस ने रात में गश्ती और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है.

इसे भी पढें : सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचें, भड़काऊ मैसेज तुरंत पुलिस को दें : रांची पुलिस
नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और संवेदनशील इलाकों में जांच की. खासकर रात 11 बजे के बाद बिना वजह घूमने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर रही.
अभियान के दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे और सार्वजनिक जगहों पर नशे की हालत में मिले 13 लोगों को हिरासत में लिया गया .सभी को नगर थाना लाकर उनकी पहचान और गतिविधियों की जांच की गई. पूछताछ और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को हिदायत देकर छोड़ दिया गया.
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद आम लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखना है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि देर रात बिना जरूरी काम के सड़कों पर न घूमें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें . नगर थाना पुलिस का यह रात्रि गश्ती और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा.
