RANCHI : झारखंड के सरकारी स्कूलों में रक्षाबंधन के दिन यानी 28 अगस्त को अवकाश के बावजूद स्कूल खोले जाएंगे. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने इस संबंध में सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. 28 अगस्त को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके साथ ही 28 से 30 अगस्त तक ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा.

28 से 30 अगस्त तक खेल गतिविधियों पर जोर
केंद्र सरकार के निर्देश के अनुरूप इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न खेल गतिविधियों से जोड़ा जाएगा. इसका उद्देश्य बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, खेल भावना विकसित करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है. इस अभियान के तहत 28 अगस्त रक्षाबंधन और 30 अगस्त रविवार होने के बावजूद विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में भी तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होंगे.
अवकाश के बदले शिक्षकों को मिलेगा क्षतिपूरक अवकाश
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दिन स्कूल खोलने और विशेष कार्यक्रमों में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को इसके बदले क्षतिपूरक अवकाश दिया जाएगा. 28 से 30 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बच्चों को खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर रहेगा.
