Vijay Thakur Godda:जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ गोड्डा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही Zero Tolerance Policy के तहत राजाभीठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.4 किलोग्राम गांजा, 76 पीस सॉल्यूशन/एडहेसिव और एक इलेक्ट्रॉनिक नापतौल मशीन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को SDPO गोड्डा आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में राजाभीठा गांव में छापेमारी की गई। टीम ने संदीप मंडल, पिता स्व. दुर्योधन मंडल के घर पर कार्रवाई करते हुए उक्त सामान बरामद किया।
मामले में राजाभीठा थाना में NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी संदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नए थाना प्रभारी की सक्रियता की चर्चा

राजाभीठा थाना की जिम्मेदारी हाल ही में संभालने वाले थाना प्रभारी रामदेव वर्मा के नेतृत्व में पुलिस की सक्रियता को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा है। पदभार संभालने के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई तेज किए जाने की बात सामने आ रही है।पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है।
बच्चों और किशोरों में इनहेलेंट नशे की आशंका
पुलिस के अनुसार, बरामद सॉल्यूशन/एडहेसिव का दुरुपयोग इनहेलेंट के रूप में नशे के लिए किया जा सकता है, खासकर छोटे बच्चों और किशोरों में इसके दुरुपयोग की आशंका रहती है। ऐसे में इस बरामदगी को केवल अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि बच्चों और किशोरों को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई जारी रखने का संदेश
गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर नजदीकी थाना या पुलिस को गोपनीय रूप से सूचना दें।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
छापेमारी अभियान में SDPO आकाश भारद्वाज, अंचल अधिकारी बोआरीजोर केदारनाथ सिंह, पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, नाफिस प्रभारी मनोहर कुमार, राजाभीठा थाना प्रभारी रामदेव वर्मा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
राजाभीठा में हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और युवाओं एवं बच्चों को नशे के दुष्प्रभाव से बचाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसे भी पढ़े:अभय तिवारी के बाद CID का शिकंजा और कसा, भाई-भाभी और JSSC सचिव से पूछताछ
