झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने और उनकी बाकी मांगों का जल्द समाधान निकालने की अपील की है. राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और कथित गड़बड़ियों के खिलाफ देशभर में छात्र आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए.

छात्रों की मांगों को बताया जायज
झारखंड के छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि राज्य के युवा भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से उनकी बाकी चिंताओं को दूर करने की अपील की. राहुल गांधी ने सरकार की ओर से छात्रों से बातचीत के लिए समिति बनाए जाने के फैसले का भी स्वागत किया. हालांकि, उन्होंने कहा कि कई मुद्दों पर सहमति बनने के बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं.
मुख्यमंत्री से खुद छात्रों से मिलने की अपील
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि वह आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों से स्वयं मुलाकात करें और उनकी बात सुनें. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत पहल से छात्रों में भरोसा बढ़ सकता है और बातचीत के जरिए बाकी मुद्दों का समाधान निकाला जा सकता है.
20 अगस्त को CM आवास घेराव का ऐलान
इधर JPSC-JSSC आंदोलन को लेकर छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया है. आंदोलनकारी छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. सरकार ने भी छात्रों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है. ऐसे में राहुल गांधी का मुख्यमंत्री को पत्र लिखना इस पूरे मामले में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है. अब नजर इस बात पर है कि सरकार छात्रों की बाकी मांगों को लेकर क्या कदम उठाती है और 20 अगस्त के प्रस्तावित घेराव से पहले आंदोलन का कोई समाधान निकलता है या नहीं.राहुल गांधी ने पत्र में यह भी कहा कि देश के युवा ही भारत का भविष्य हैं और उनकी चिंताओं को सुनना तथा उनके साथ खड़ा होना जरूरी है.
इसे भी पढ़े : 20 अगस्त को CM आवास घेरेंगे JPSC-JSSC अभ्यर्थी, 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी होंगे तैनात
