RANCHI : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है. आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है. प्रस्तावित घेराव को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. अभ्यर्थियों का आंदोलन करीब 23 दिनों से जारी है. 20 अगस्त के प्रदर्शन को देखते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मुख्यमंत्री आवास तक का पूरा मार्ग पुलिस की नजर में संवेदनशील है. इस रूट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ-साथ यातायात को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है.
2 हजार से ज्यादा जवानों की होगी तैनाती
पुलिस की तैयारियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा सकती है. स्टेडियम से मुख्यमंत्री आवास तक प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. प्रदर्शनकारियों की संख्या और स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की जा सकती है. पुलिस का फोकस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा पर भी रहेगा.

CCTV से होगी प्रदर्शन की निगरानी
प्रस्तावित घेराव को देखते हुए पुलिस CCTV कैमरों के जरिए पूरे रूट की निगरानी करने की तैयारी में है. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मुख्यमंत्री आवास के बीच लगे CCTV कैमरों को दुरुस्त किया जा रहा है. खराब कैमरों और उपकरणों को बदलने के साथ इन्हें पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ने की तैयारी है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी होने पर CCTV फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सकती है.
दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों पर भी नजर
20 अगस्त के घेराव को लेकर खुफिया विभाग भी सक्रिय है. दूसरे जिलों से रांची पहुंचने वाले अभ्यर्थियों की संभावित संख्या, उनके आने के रास्तों और प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट की भी तैयारी कर रही है, ताकि प्रदर्शन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो.
23 दिनों से जारी है आंदोलन
JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और सुधार की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले करीब 23 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. अब 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के ऐलान के बाद यह आंदोलन और तेज होने की संभावना है. हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी. अब सबकी नजर 20 अगस्त के प्रदर्शन पर है कि प्रशासन और आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के बीच स्थिति किस तरह आगे बढ़ती है.
