CHATRA : चतरा में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई. गोली लगने से एक प्राइवेट गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इसे भी पढ़ें : बोकारो में 15 वर्षीय प्रदीप सोरेन लापता, 17 जुलाई से नहीं मिला कोई सुराग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिला बल के एक जवान पर प्राइवेट गार्ड को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया.
घटना की जानकारी मिलते ही सिमरिया एसडीपीओ, टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है.
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास खड़ी फोर्ड एंडेवर कार रमियां कंस्ट्रक्शन के मालिक और गया निवासी रॉकी यादव की है. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है. सूत्रों के अनुसार कार से कुछ अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं. हालांकि हथियारों की संख्या और बरामदगी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस ने घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. वहीं मृतक की पहचान भी खबर लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: नई जांच टीम गठित करने पर विचार, कोर्ट ने मांगा जवाब
