रांची : झारखंड के लिए राहत भरी खबर है. कई दिनों की कमजोर बारिश के बाद अब मानसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि रविवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की मौजूदगी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियां तेज होने लगेंगी. जबकि 13 और 14 जुलाई को मानसून अपने पूरे प्रभाव में रहेगा. इस दौरान राज्य के लगभग सभी जिलों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है. संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है.

मौसम विज्ञानियों का मानना है कि यदि अनुमान के अनुरूप वर्षा होती है, तो राज्य में अब तक दर्ज वर्षा की कमी में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है. इसका सबसे अधिक लाभ खेती-किसानी को मिलेगा, क्योंकि कई क्षेत्रों में किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं.
इसे भी पढे : जंतर-मंतर पर NTA और क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ उठी आवाज, AISA झारखंड ने किया समर्थन
इन 14 जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी
रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. दुमका, देवघर, जामताड़ा, बोकारो, रांची, हजारीबाग और रामगढ़ में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं खूंटी, लोहरदगा, गिरिडीह, सिमडेगा, पलामू, गुमला तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में भी गरज-चमक के साथ अच्छी वर्षा हो सकती है. मौसम विभाग ने इन सभी क्षेत्रों में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका भी जताई है. ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है.
रांची में मौसम रहेगा सुहावना
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, राजधानी में रविवार से बादलों का घनत्व बढ़ेगा और शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. रविवार को रांची का अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तापमान में गिरावट के कारण मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना बना रहेगा. वहीं सोमवार से राजधानी में भी वर्षा की तीव्रता बढ़ने की संभावना है.
13 और 14 जुलाई को पूरे राज्य में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 जुलाई को मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहेगा। इन दो दिनों के दौरान झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में व्यापक वर्षा होने का अनुमान है. विशेष रूप से संताल परगना और कोल्हान संभाग के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. लगातार होने वाली वर्षा से खेतों में नमी बढ़ेगी, जलस्रोतों का स्तर सुधरेगा और खरीफ फसलों की बुआई तथा अन्य कृषि कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
(i) पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 एवं 12 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद अगले 3–4 दिनों तक कहीं-कहीं भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। साथ ही,… pic.twitter.com/ShMVaAxrZa
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 11, 2026
छह जिलों में सामान्य होने लगी मानसून की स्थिति
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, झारखंड के छह जिलों में वर्षा की स्थिति अब सामान्य श्रेणी के करीब पहुंच गई है. इनमें रांची, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, लातेहार और दुमका शामिल हैं. इन जिलों में वर्षा की कमी घटकर 19 प्रतिशत से नीचे आ गई है.
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, जब किसी जिले में वर्षा की कमी 19 प्रतिशत से कम रह जाती है, तो उसे मौसम संबंधी मानकों के अनुसार सामान्य श्रेणी के करीब माना जाता है. यदि अगले दो दिनों में अनुमान के अनुरूप अच्छी वर्षा होती है, तो राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश की कमी में तेजी से सुधार दर्ज किया जा सकता है.
