पूर्वी सिंहभूम के मानगो थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे के पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है. सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 8 जुलाई की रात मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला मजार गली में राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे के साथ आफताब और सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था.
इसे भी पढ़े : सीएनटी जमीन पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 1988 का आदेश ही मान्य

राहुल हत्याकांड का मुख्य आरोपी शब्बे एनकाउंटर में घायल
पुलिस तीनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए रोड नंबर 14 स्थित जंगल क्षेत्र में लेकर गई थी. आरोपियों की निशानदेही पर एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की गई. इसी दौरान पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शब्बे ने मौके से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की. सब-इंस्पेक्टर संजय की ओर से की गई फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई. इसके बाद उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. सिटी एसपी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई. यदि समय रहते जवाबी कार्रवाई नहीं की जाती तो पुलिसकर्मियों की जान को खतरा हो सकता था.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. वहीं राहुल सिंह हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
