रांची : जमशेदपुर में हुई हत्या की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. पार्टी ने घटना के विरोध में 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है. इसके साथ ही मशाल जुलूस निकालने और राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी है.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में एक युवक की हत्या पुलिस की मौजूदगी में हुई, जो कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है.
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
भाजपा ने मांग की है कि हत्या के मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके. पार्टी ने घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और यदि लापरवाही या दोष सिद्ध होता है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है.
इसके अलावा भाजपा ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और उचित मुआवजा देने की मांग भी सरकार से की है.
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
आदित्य साहू ने दावा किया कि झारखंड में हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और चोरी जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रही है. उनका कहना है कि राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल और ठोस कदम उठाने चाहिए.
3 जुलाई को बंद और मशाल जुलूस
भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा है कि 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद रखा जाएगा. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता मशाल जुलूस भी निकालेंगे. आदित्य साहू ने कहा कि यदि कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा पूरे झारखंड में आंदोलन तेज करेगी.
नीरज सिंह पर दर्ज एफआईआर पर क्या बोले ?
भाजपा नेता नीरज सिंह पर दर्ज एफआईआर के संबंध में पूछे गए सवाल पर आदित्य साहू ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है. उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. भाजपा किसी भी आरोपी का बचाव नहीं करेगी.
