Ranchi : झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. यह दुर्घटना रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर हुई, जहां कोयला लदे ट्रक और सवारी वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिला.

इसे भी पढे : झारखंड सरकार का बड़ा फैसला नवंबर से छात्राओं को हर महीने मिलेंगे 10 फ्री सैनिटरी पैड
कार्यक्रम से लौट रही थी बैंड-ताशा पार्टी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बलसगरा और मरांगमरचा गांव के बैंड-ताशा दल के सदस्य एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सवारी वाहन से अपने गांव लौट रहे थे. वाहन में कुल आठ लोग सवार थे.
इसी दौरान देर रात करीब 1:30 बजे लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर कोयला लदे एक ट्रक ने कथित तौर पर ओवरटेक करने के दौरान सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
सात लोगों की मौत, एक घायल रांची रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रांची रेफर कर दिया गया।
रामगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है और मृतकों की पहचान तथा अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है.
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की.
हादसे के बाद लोगों का प्रदर्शन, एनएच-23 पर लगा जाम
दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.
इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में रजरप्पा थाना पुलिस तथा आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. प्रशासन लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने के प्रयास में जुटा रहा.
चार दिनों में 10 मौतें, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि लारी-बरलौंग के पास का यह हिस्सा लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील बना हुआ है. उनका दावा है कि पिछले चार दिनों के भीतर इसी क्षेत्र में हुई विभिन्न दुर्घटनाओं में 10 लोगों की जान जा चुकी है.
ग्रामीणों ने इस स्थान को ‘ब्लैक स्पॉट’ घोषित करने, वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था, सड़क के बीच डिवाइडर, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, चेतावनी संकेतक और भारी वाहनों की निगरानी की मांग की है.
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आशंका जताई है कि ट्रक गलत दिशा से आ रहा था, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
