INDIA : भारत का राष्ट्रीय फल आम अपनी मिठास और स्वाद के लिए दुनियाभर में मशहूर है. लेकिन इस बार जापान ने भारतीय आमों के आयात पर रोक लगा दी है. इस फैसले से भारत के आम निर्यात कारोबार को बड़ा झटका लगा है.
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में हाई वोल्टेज ड्रामा, प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चली समझाइश
जानकारी के अनुसार, जापान की क्वारंटाइन टीम ने भारत के कई आम ट्रीटमेंट सेंटरों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान पाया गया कि आमों में कीट नियंत्रण और फ्यूमिगेशन की प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं की जा रही थी. जापान को आशंका है कि इससे फल मक्खी जैसे हानिकारक कीट उसके कृषि क्षेत्र तक पहुंच सकते हैं.
जापान के नियमों के मुताबिक, वहां भेजे जाने वाले हर आम को वेपर हीट ट्रीटमेंट यानी VHT प्रक्रिया से गुजरना अनिवार्य है. इस प्रक्रिया का उद्देश्य आम के अंदर मौजूद कीटों और उनके अंडों को नष्ट करना होता है. जांच में खामियां मिलने के बाद जापान ने 25 मार्च 2026 के बाद प्रमाणित किए गए सभी भारतीय आमों के आयात पर रोक लगा दी.
बताया जा रहा है कि वर्ष 2006 में प्रतिबंध हटने के बाद पहली बार जापान ने इतनी बड़ी कार्रवाई की है. इस फैसले का असर अल्फांसो, केसर, लंगड़ा और बंगनपल्ली जैसे प्रीमियम भारतीय आमों के निर्यात पर पड़ा है. इससे निर्यातकों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.
फिलहाल भारतीय अधिकारी और संबंधित एजेंसियां ट्रीटमेंट प्रक्रिया में सुधार कर जापान की आपत्तियों को दूर करने की कोशिश कर रही हैं, ताकि दोनों देशों के बीच आम का व्यापार जल्द फिर से शुरू हो सके.
इसे भी पढ़ें : झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने दिया इस्तीफा, कारणों पर बना सस्पेंस
