Ranchi : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र पर उठी आपत्तियों के कारण जांच प्रक्रिया बुधवार तक के लिए टाल दी गई है. निर्वाचन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने नाथवानी को सभी आपत्तियों पर बिंदुवार जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है.आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के प्रस्तावक और कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी की ओर से परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र पर कई आपत्तियां दर्ज कराई गईं.
इसके बाद निर्वाचन पदाधिकारी ने तत्काल निर्णय लेने के बजाय दोनों पक्षों को सुनवाई का अवसर देने का फैसला किया.अब मामले की अगली सुनवाई बुधवार को होगी,जहां नाथवानी की ओर से आपत्तियों का जवाब प्रस्तुत किया जाएगा.
इसे भी पढ़े : झारखण्ड राज्यसभा चुनाव में करोड़पतियों की एंट्री, 755 करोड़ के मालिक हैं परिमल नाथवाणी

निर्वाचन पदाधिकारी आज करेंगे सुनवाई, सबकी नजर फैसले पर
निर्वाचन पदाधिकारी ने जारी पत्र के माध्यम से निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को 10 जून को सुबह 11 बजे तक स्वयं अथवा अपने निर्वाचन अभिकर्ता, प्रस्तावक या अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए उपस्थित होकर आपत्तियों का जवाब देने का निर्देश दिया है।इसके साथ ही कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को भी निर्धारित समय पर उपस्थित रहने को कहा गया है.
नाथवानी मामले में भूपेश बघेल ने पूछे तीखे सवाल
झारखंड राज्यसभा चुनाव में अब सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.भूपेश बघेल ने दावा किया कि नाथवानी के नामांकन पत्र में त्रुटियों को लेकर शिकायतें दर्ज हुई हैं. उन्होंने कहा कि अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जांच प्रक्रिया में सभी उम्मीदवारों के लिए समान नियम लागू होंगे।हालांकि निर्वाचन अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
नाथवानी का नामांकन वैध माना जाएगा या खारिज होगा, इसका निर्णय बुधवार को आपत्तियों और जवाबों की समीक्षा के बाद लिया जाएगा.18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की ओर से बैद्यनाथ राम और प्रणव झा मैदान में हैं, जबकि एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर परिमल नाथवानी चुनावी मुकाबले में उतरे हैं.
इसे भी पढ़े : यौन हिंसा मामलों में हाईकोर्ट सख्त, पीड़ितों की सुरक्षा के लिए जारी किए 19 अहम निर्देश
