RANCHI : झारखंड में बनने जा रहा है सबसे बड़ा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल. राजधानी रांची के कांके इलाके में बनने वाले रिम्स-2 को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो चुकी है. इस मेगा हेल्थ प्रोजेक्ट पर करीब 4149 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में टाइफाइड पर बड़ी पहल, सेंटिनल सर्विलांस शुरू करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की अहम वर्कशॉप
सरकार का दावा है कि रिम्स-2 बनने के बाद गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दिल्ली, मुंबई, वेल्लोर या दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे.
राज्य योजना प्राधिकृत समिति ने स्वास्थ्य विभाग की 6 बड़ी परियोजनाओं के लिए कुल 5917 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अब इन योजनाओं को कैबिनेट में भेजा जाएगा.
रांची के कांके में बनने वाला रिम्स-2 राज्य का सबसे बड़ा हेल्थ सेंटर होगा. इसे 2800 बेड वाले सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में तैयार किया जाएगा. इसके साथ ही यहां मेडिकल शिक्षा को भी बड़े स्तर पर बढ़ावा मिलेगा.
इसे भी पढ़ें :11वीं नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में रुद्रांश शर्मा का जलवा, दूसरा गोल्ड जीतकर बढ़ाया झारखंड का मान
अस्पताल में एमबीबीएस की 200 सीटें, पीजी मेडिकल की 200 सीटें और सुपर स्पेशलिटी की भी 200 सीटें होंगी. इससे आने वाले समय में झारखंड में डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को काफी हद तक दूर करने में मदद मिलेगी.
सिर्फ रिम्स-2 ही नहीं, सरकार राज्य में मेडिको सिटी बनाने की तैयारी भी कर रही है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 284 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है. इसके अध्ययन और मूल्यांकन की जिम्मेदारी आईआईएम रांची और एक्सआईएसएस रांची को दिए जाने की योजना है.
वहीं जमशेदपुर और धनबाद में भी मेडिकल सुविधाओं के विस्तार की तैयारी चल रही है. जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज को 500 बेड वाले अस्पताल में विकसित करने के लिए 542 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है. इसके अलावा एमबीबीएस और पीजी सीटें बढ़ाने के लिए 394 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें :खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने रांची SSP की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, थानेदारों की पोस्टिंग पर जताई आपत्ति
