Ranchi : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चर्चित हैंडल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब भारत में बैन हो गया है. कुछ ही दिनों में इस अकाउंट ने बड़ी संख्या में फॉलोअर्स और लोकप्रियता हासिल कर ली थी. सोशल मीडिया पर इसके पोस्ट को लेकर लगातार बहस और चर्चाएं चल रही थीं. अब भारत में इस हैंडल को ब्लॉक कर दिया गया है.

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपक ने अपने X अकाउंट पर इस बात की जानकारी दी है. अभिजीत ने लिखा, “जैसा कि उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है. इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
अभिजीत ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट 16 मई को शुरू किया गया था और महज चार दिनों के भीतर ही इसे बैन कर दिया गया. अभिजीत का दावा है कि अकाउंट पर 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे, जिसकी वजह से यह कार्रवाई हुई.
इसके साथ ही अभिजीत ने X पर बताया कि अब उनके इंस्टाग्राम हैंडल को हैक करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि X पर नया हैंडल बना दिया गया है और लोगों से उसे फॉलो करने की अपील की है.
इंस्टाग्राम पर बीजेपी, कांग्रेस को छोड़ा पीछे
सोशल मीडिया पर तेजी से उभरी कॉकरोच जनता पार्टी ने कुछ ही दिनों में बड़ी लोकप्रियता हासिल कर ली. इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या 19 मिलियन के पार पहुंच गई है. इसके साथ ही इसने फॉलोअर्स के मामले में भाजपा और कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया। भाजपा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 8.7 मिलियन, जबकि कांग्रेस के अकाउंट पर 13.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीजेआई सूर्यकांत की एक टिप्पणी के विरोध में ऑनलाइन कैंपेन शुरू किया गया था. इसी अभियान के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी का X हैंडल बनाया गया और बाद में अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसकी सक्रियता बढ़ी.
कुछ ही दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट ने लाखों फॉलोअर्स हासिल कर लिए. सोशल मीडिया पर बेरोज़गारी, पेपर लीक और फ्री स्पीच जैसे मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में पोस्ट किए जाने लगे. यह ऑनलाइन अभियान तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय होता गया.
हालांकि बाद में सीजेआई ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया था. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर विरोध थमता नहीं दिखा. लोग लगातार कॉकरोच जनता पार्टी के हैंडल्स को फॉलो करते रहे। इस अभियान में प्रशांत भूषण, अंजलि भारद्वाज, महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद समेत कई प्रमुख चेहरों ने हिस्सा लिया.
अभिजीत दिपक कौन हैं?
कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े अभिजीत ने पुणे में पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए। वर्तमान में वह बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं.
अभिजीत 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में वालंटियर रहे.दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी की जीत के दौरान उन्होंने मीम आधारित डिजिटल कैंपेन पर काम किया. साल 2026 में उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से सोशल मीडिया हैंडल्स बनाए.
इसे भी पढे : रांची रेल मंडल का बड़ा फैसला, 7 ट्रेनों में स्थायी रूप से जुड़ेंगे 20 अतिरिक्त कोच
