RANCHI : झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन (JCYA) की ओर से आयोजित होने वाले क्रिसमस कार्निवल 2026 के पोस्टर का शुक्रवार, 20 नवंबर को मोरहाबादी गेस्ट हाउस सभागार में लॉन्च किया गया. इस मौके पर मसीही समाज के धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा प्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के सदस्य मौजूद रहे.
एसोसिएशन के अनुसार, इस वर्ष क्रिसमस कार्निवल 10 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा. कार्निवल की शुरुआत लोयला से होगी, जहां से यह डंगरा टोली चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचेगा. आयोजन के जरिए प्रेम, शांति, भाईचारे, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया जाएगा. साथ ही झारखंड की मसीही संस्कृति, परंपराओं और क्रिसमस उत्सव की झलक भी देखने को मिलेगी.

युवाओं की भागीदारी और सामाजिक एकता पर जोर
पोस्टर लॉन्चिंग कार्यक्रम में झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन के केंद्रीय संरक्षक सुजीत कुजूर, केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा, केंद्रीय महासचिव विकास तिर्की, अमरदीप करकेट्टा, गोबिंद टोप्पो, आकाश बारा, आकाश तिर्की और निश्छल सोय उपस्थित रहे. वहीं, झारखंड बिशप काउंसिल की ओर से बिशप अनिल रेवन, बिशप सुरेश सांगा, जयवंत तिर्की और मनमोहन पंडा भी कार्यक्रम में शामिल हुए. लोयला छात्रावास के प्रतिनिधियों में अनलदीप कुजूर, बसंत एक्का, सुमित लकड़ा, पुनीत लकड़ा, पिंगल कुजूर और प्रोफेसर बिलासीयूसिस पन्ना मौजूद रहे.
इसके अलावा सिविल सोसाइटी और झारखंड क्रिश्चियन फ्रंट से कुमुदनी प्रभावती, ऑल इंडिया क्रिश्चियन माइनॉरिटी फ्रंट से प्रवीण कच्छप, प्रदीप बड़ाइक, सोनू लोहरा और माइकल कच्छप सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए.
अलबिन लकड़ा ने लोगों से की शामिल होने की अपील
एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा ने कहा कि क्रिसमस कार्निवल वर्षों से समाज को एकजुट करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और क्रिसमस के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम रहा है. इस वर्ष भी कार्निवल को उत्साह, सहभागिता और भाईचारे के साथ आयोजित करने की तैयारी की जा रही है. झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन ने मसीही समाज, चर्च के अगुवाओं, युवाओं और आम नागरिकों से 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले क्रिसमस कार्निवल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है.
इसे भी पढ़े : विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण: दिलीप तिर्की गिरफ्तार, पत्रकार अभिषेक भारती की तलाश
