RANCHI : पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई के मुद्दे पर आम जनता को राहत देने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से देश की आम जनता परेशान है. पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में इजाफा होने से लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है और आम परिवार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं.
इसे भी पढ़े : रांची के होटल में मॉनिटर लिजर्ड अंग तस्करी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

भाजपा पर जनता को गुमराह करने और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का लगाया आरोप
उन्होंने भाजपा पर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के सामने महंगाई, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दे हैं. लेकिन इन विषयों से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है. इरफान अंसारी ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया. महिलाओं के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर घर संभालने वाली महिलाओं पर पड़ रहा है. घरेलू खर्च बढ़ने से परिवारों का बजट बिगड़ रहा है और महिलाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल महंगे, 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ी कीमत, CNG पर भी झटका
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी लगातार महंगाई के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी और आम जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा. साथ ही केंद्र सरकार से पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की गई.
