RANCHI : राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित विद्यानगर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक बहू पर अपने ही बीमार ससुर की हत्या करने का आरोप लगा है. मृतक की पहचान शहर के चर्चित होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. केपी गुप्ता के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है.
जानकारी के अनुसार डॉ. केपी गुप्ता पिछले कुछ महीनों से पैरालाइसिस से पीड़ित थे और बिस्तर पर थे. शनिवार दोपहर घर में उनकी पत्नी और बेटा खाना पहुंचाने के लिए दुकान गए हुए थे. इसी दौरान घर में मौजूद बहू निकिता ने कथित तौर पर तकिए से उनका मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें :रांची में SSC GD परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा, 6 गिरफ्तार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बहू ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की. बताया जा रहा है कि उसने घर में लगा CCTV कैमरा तोड़ दिया, लेकिन वारदात का फुटेज पहले ही पति के मोबाइल में रिकॉर्ड हो चुका था. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले.परिजनों का कहना है कि बहू और ससुर के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था. घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी.
सूचना मिलने के बाद पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घर की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें : JPSC बैकलॉग प्रारंभिक परीक्षा आज, रांची के 15 केंद्रों पर 7 हजार अभ्यर्थी शामिल
