RANCHI : खूंटी जिले में नवपदस्थापित एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर अपराध और अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में रनिया थाना पुलिस को अवैध डोडा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने रनिया थाना क्षेत्र के भालूटोली गांव के पास खूंटी-कोलेबिरा स्टेट हाईवे-3 पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा से लदे एक ट्रक को जब्त किया है. जानकारी के अनुसार, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के माध्यम से अवैध डोडा की बड़ी खेप बाहर भेजी जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात से हाईवे पर विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया.

यूपी नंबर ट्रक से भारी मात्रा में डोडा बरामद, चालक समेत चार तस्कर फरार
वाहन जांच के दौरान अहले सुबह करीब 3 बजे यूपी नंबर का एक संदिग्ध ट्रक हाईवे से गुजरता दिखाई दिया. पुलिस ने ट्रक को रोककर तलाशी ली. जांच में पाया गया कि ट्रक में मवेशियों का चारा और चोकर की बोरियों के नीचे भारी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया था. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार चालक समेत चार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. मामले पर तोरपा डीएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि पुलिस को अवैध डोडा तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर हाईवे पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान ट्रक से डोडा बरामद किया गया.
इसे भी पढ़े : 21 दिन बाद सुलझा किट्टू हत्याकांड, शराब पार्टी के विवाद में दोस्तों ने की थी हत्या
डीएसपी ने बताया कि ट्रक बाहरी राज्य का है और शुरुआती जांच में अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल ट्रक में बरामद डोडा की कुल मात्रा का आकलन किया जा रहा है. साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि खेप कहां से लाई गई थी और किस राज्य में सप्लाई की जानी थी. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है.
