RANCHI : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. मौसम विभाग ने 10 से 15 मई तक राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार दोपहर बाद मौसम अचानक बदल सकता है और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है.शनिवार शाम राजधानी रांची में मौसम ने अचानक करवट ली. तेज हवा, गर्जन और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली.
इसे भी पढ़ें : JPSC बैकलॉग प्रारंभिक परीक्षा आज, रांची के 15 केंद्रों पर 7 हजार अभ्यर्थी शामिल
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के लगभग सभी जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. दिन में तापमान बढ़ सकता है लेकिन शाम होते-होते बादल छाने और बारिश होने की संभावना रहेगी.10 मई को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
रांची में शनिवार रात करीब चार मिमी बारिश दर्ज की गई. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया. वहीं रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, पलामू और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई.तापमान की बात करें तो मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. बोकारो में तापमान में गिरावट देखी गई और यहां अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
इसे भी पढ़ें :ममता, प्रेम और सम्मान का संगम बना एलीट पब्लिक स्कूल का मदर्स डे समारोह
