RANCHI : दुमका में मोबाइल की लत का एक दर्दनाक मामला सामने आया है. जहां दसवीं कक्षा के एक छात्र की रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि छात्र मोबाइल देखने में इतना व्यस्त था कि उसे सामने से आ रही ट्रेन का अंदाजा ही नहीं हो सका. मिली जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार निवासी होटल संचालक शिवपूजन राय का 15 वर्षीय पुत्र प्रभु राय मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था. वह दुमका-रामपुरहाट रेलखंड पर अंबाजोड़ा और शिकारीपाड़ा स्टेशन के आगे की ओर जा रहा था. इसी दौरान मोबाइल चलाते हुए वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसा इतना गंभीर था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई.
इसे भी पढ़े : झारखंड के 80 हजार से अधिक शिक्षकों का वेतन अटका, JPSS ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के पिता शिवपूजन राय ने बताया कि उनका बेटा रोजाना मॉर्निंग वॉक के लिए बाहर जाता था लेकिन आज मोबाइल में व्यस्त रहने के कारण यह हादसा हो गया. हादसे की सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस और शिकारीपाड़ा थाना की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इसे भी पढ़े : झारखंड में मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
मामले को लेकर शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. इस मामले में यूडी केस दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि सड़क, रेलवे ट्रैक या सार्वजनिक जगहों पर मोबाइल का अत्यधिक इस्तेमाल कितना खतरनाक साबित हो सकता है.
