DHANBAD : सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित टंडाबाड़ी बस्ती में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने लोगों की नींद उड़ा दी है.गुरुवार को अचानक जमीन धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तीन से चार लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है.घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित ग्रामीणों ने बोकारो-धनबाद NH-32 को जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोग BCCL और जिला प्रशासन पर लगातार लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें : पवन खेड़ा को बड़ा झटका, गुवाहाटी हाई कोर्ट ने अग्रिम जमानत अर्जी खारिज की
घटना में कई लोग घायल, नाराज ग्रामीणों ने NH-32 किया जाम, BCCL और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
घायलों में अरमान नामक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज तिलाटांड़ अस्पताल में चल रहा है. हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक घायलों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है. मामले को लेकर अंचल अधिकारी गिरिजानंद किस्कू ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और BCCL अधिकारियों के साथ बैठक की जा रही है. उन्होंने कहा कि इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: कई जिलों में आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि का अलर्ट
गौरतलब है कि इसी टंडाबाड़ी बस्ती में 31 मार्च 2026 को भी भू-धंसान की बड़ी घटना हुई थी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी. इतना ही नहीं, हाल के दिनों में भी जमीन धंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश गहराता जा रहा है. अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक इस इलाके के लोग इस खतरे के साए में जीते रहेंगे और कब मिलेगा उन्हें सुरक्षित जीवन का भरोसा?
