Ritika
RANCHI : 3 अप्रैल को सम्पूर्ण झारखंड बंद रह सकता है. विष्णुगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने हजारीबाग बंद के बाद झारखंड बंद का भी अल्टीमेटम दे दिया है. इस संबंध में सोमवार को पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बताया कि 2 अप्रैल तक अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 3 अप्रैल को झारखंड बंद रहेगा. उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है. प्रतुल शाहदेव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कड़े निर्देश पर ही यह फैसला लिया गया है.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग के दुष्कर्म सहित हत्याकांड मामले में हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान, सरकार से जवाब तलब
पार्टी का मानना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और मासूम बेटियों की सुरक्षा राम भरोसे है. उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार ने इस मामले में कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई है. उनका कहना था कि मृत बच्ची के पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं. उनके पिता के लिए बीजेपी ने ही महाराष्ट्र से रांची का टिकट कराया, ताकि वह अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें. उन्होंने कहा कि अगर सरकार शीश महल से ध्यान हटाकर नागरिकों की सुरक्षा पर लगाती तो आज यह स्थिति नहीं होती. बता दें कि इस घटना को बीते अब तक 7 दिन से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन अभी तक कोई भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इसी को लेकर भाजपा ने सरकार को यह अल्टीमेटम दिया है.
