रांची : राज्य की जनता को सरकार की वादाख़िलाफियों से अवगत कराने के लिए आजसू पार्टी द्वारा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जन जगरण पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आज भी कई विधानसभा क्षेत्रों के अलग अलग पंचायतों में वहां के विधानसभा प्रभारियों और पदाधिकारियों द्वारा जन जागरण पदयात्रा के माध्यम से सरकार की विफलताओं को जनता के समक्ष रखा गया। मौके पर पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आज से 5 वर्ष पहले वर्तमान में सत्ता पर बैठे राजनेता लुभावने नारों एवं झूठे वादों की सीढ़ियां चढ़कर सत्ता के शिखर तक पहुँचे। इन्होंने वर्ष 2019 के चुनावी सभा में बड़े-बड़े वादे किए। लोकलुभावने नारों के भ्रमजाल में राज्य की जनता को ठगा गया। लोगों ने इनकी बातों पर विश्वास किया तथा इनपर भरोसा जताया। सरकार की विफलताओं और धोखे से राज्य की जनता हताश और निराश है। आज राज्य की जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। युवाओं में आक्रोश है, किसानों में क्रोध है, महिलाएं मर्माहत है, गरीब हताश है एवं राज्य की आम जनता के मन में प्रतिशोध की आग सुलग रही है। राज्य की तीन करोड़ जनता इस भ्रष्ट एवं विभिन्न घोटालों के जनक व पोषक सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
युवा आजसू का बॉयोडाटा संग्रह अभियान जारी
युवा आजसू द्वारा राज्य भर में शिक्षित बेरोजगार युवाओं का बॉयोडाटा संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को युवाओं का अपार समर्थन मिल रहा है।ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बॉयोडाटा संग्रह किया जा रहा है। युवा आजसू के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार बेरोजगार युवाओं का डेटा इकट्ठा किया जा रहा है। यह अभियान 7 सिंतबर तक चलाया जाएगा। बेरोजगार युवाओं के बॉयोडाटा को एकत्रित कर 8 सितंबर को रांची में होने वाले नवनिर्माण संकल्प सभा के माध्यम से यह डेटा सरकार के समक्ष रखेगा युवा आजसू।