L19/Ranchi : नगर निगम की ओर से एक ही वार्ड में सालों से कार्यरत सुपरवाइजरों को हटाया जायेगा। इन सुपरवाइजरों को एक वार्ड से हटाकर दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया जायेगा।अगस्त महीने के आखिरी तक इनके ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी हो जायेगी। बता दें कि एक ही वार्ड में लंबे वक्त से जमा होने के वजह से इनकी मनमानी बढ़ गयी है। इनकी मनमानी की शिकायत आम लोग नगर निगम को आकर करते हैं। इसी के मद्देनजर नगर निगम यह कदम उठाने जा रही है।
रांची नगर निगम के 53 वार्डों मे से 30 सुपरवाइजर ऐसे हैं, जो एक ही वार्ड में पिछले 10 सालों से जमे हैं। एक ही जगह पर जमे रहने के कारण ये मनमानी करने लगे हैं। इनकी मनमानी ऐसी है कि जिस भी मोहल्ले में इनके जान पहचान वाले निवास करते हैं, वहां ये हर दिन कूड़ा वाहन भेजते हैं। वहीं अन्य मोहल्लों मे 10-10 दिनों तक कूड़ा वाहन का कोई नामो निशान नहीं होता। इनके इस मनमानी के कारण वार्ड के लोग परेशान हैं।
इसके साथ ही एक ही जगह पर जमे रहने से सुपरवाइजर कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों से वसूली भी करते थे। किसी का मंथली भी फिक्स था। ऐसी सूचना नगर निगम को मिल रही है। इसके मद्देनजर सभी सुपरवाइजरों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। उप प्रशासक रजनीश कुमार के दिशा निर्देश पर ही पिछले एक महीने से शहर के सभी वार्डों का निरीक्षण जारी है। निरीक्षण के दौरान साफ सफाई की स्थिति के साथ सुपरवाइजरों की कार्यशैली की भी जानकारी लोगों से ली जा रही है। इस निरीक्षण के दौरान अधिकतर लोगों ने सुपरवाइजर द्वारा सफाई के काम में पीक एंड चूज की रणनीति पर काम करने की शिकायत की थी।
इस संबंध में उप प्रशासक ने बताया कि बार बार की चेतावनी के बावजूद ऐसी शिकायतें आ रही थी। ऐसे में लंबे वक्त से एक ही वार्ड में जमे रहने वाले सुपरवाइजरों का तबादला किया जा रहा है। इसके साथ ही सुपरवाइजरों का काम संतोषजनक नहीं होने पर उन्हें टर्मिनेट भी किया जायेगा।