रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को रांची सहित कई जिलों में हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया. अब मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के सभी जिलों में हल्की से तेज बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.

रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार से अगले दो दिनों तक पूरे राज्य में मानसून का प्रभाव बना रहेगा. इस दौरान कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा सहित राज्य के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना है.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विभाग ने सलाह दी है कि मेघगर्जन या वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. बिजली चमकने पर किसी सुरक्षित भवन में शरण लें. किसानों को भी सलाह दी गई है कि मौसम साफ होने के बाद ही खेतों में काम करें. वहीं, तेज हवा के दौरान कच्चे मकानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की गई है.
सामान्य से कम हुई है बारिश
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से अब तक झारखंड में 179.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 285.6 मिलीमीटर होती है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से 37 प्रतिशत कम बारिश हुई है.राजधानी रांची में अब तक 252.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है. सामान्य तौर पर इस अवधि में यहां 296.1 मिलीमीटर बारिश होती है. इस तरह रांची में वर्षा सामान्य से लगभग 15 प्रतिशत कम रही है.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है.
इसे भी पढे : हजारीबाग में CISF का बड़ा एक्शन, 150.9 टन अवैध कोयला जब्त, 4 गिरफ्तार
