RANCHI : गर्मी बढ़ते ही झारखंड के ग्रामीण इलाकों में जल संकट गहराने लगता है. पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड में भी पेयजल की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है. जहां एक ओर शहरों में लोग आरओ और मिनरल वाटर का उपयोग कर रहे हैं, वहीं आदिवासी बहुल गांवों में आज भी साफ पेयजल की सुविधा तक उपलब्ध नहीं है.
हर साल गर्मी के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है. ग्रामीणों को मजबूरी में दूर-दराज के जल स्रोतों या प्रदूषित पानी पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.
महिलाएं उतरीं सड़क पर
अमड़ापाड़ा प्रखंड के उदलबनी गांव के लातार टोला और चितानटोला की महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर शुक्रवार को पहाड़पुर स्थित एक्सप्रेस हाईवे जाम कर दिया. महिलाओं ने सड़क पर जल पात्र रखकर विरोध प्रदर्शन किया.
सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. बताया गया कि इन टोलों में करीब 60 परिवार रहते हैं और जल संकट काफी गंभीर हो चुका है. गांव के दो चापाकल लंबे समय से खराब पड़े हैं, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद उनकी मरम्मत नहीं कराई गई.

दैनिक जीवन पर असर
पानी की कमी के कारण ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है. लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ रहा है, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
इसे भी पढ़ें : धनबाद में फिर भू-धंसान, टंडाबाड़ी बस्ती में दहशत
प्रशासन पहुंचा, दिया आश्वासन
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रखंड विकास कार्यालय के जूनियर इंजीनियर सोहेल शेख मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की.
ग्रामीणों ने स्थायी समाधान के रूप में नई बोरिंग कराने की मांग रखी. इस पर अधिकारियों ने बताया कि बोरिंग की प्रक्रिया में तकनीकी कारणों से समय लगेगा, इसलिए इसे तुरंत संभव नहीं किया जा सकता.
फिलहाल टैंकर से पानी की आपूर्ति
प्रशासन ने तत्काल राहत के रूप में टैंकर के माध्यम से नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया. साथ ही ग्रामीणों से बोरिंग के लिए औपचारिक आवेदन देने को कहा गया, ताकि प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके.
प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया.
स्थानीय लोग रहे मौजूद
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें मकलू हेम्ब्रम, फूलमुनी हेम्ब्रम, पानसूरी किस्कू, हना मुर्मू, सोहागिनी मड़ियाइन, तुरसी किस्कु, पानमति टुडू, मालोती बास्की, छमि सोरेन सहित अन्य महिला-पुरुष शामिल थे.
