HAZARIBAGH : हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड में मंगलवार को दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया गया. चार नकाबपोश डकैतों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में घुसकर करीब 10 मिनट के भीतर लाखों रुपये नकद और लगभग 3 करोड़ रुपये के सोने की लूट कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.
करंट अकाउंट के बहाने एंट्री, 20 मिनट तक बैंक में मचाया आतंक
जानकारी के अनुसार, डकैत दोपहर 3:09 बजे बैंक पहुंचे और 3:29 बजे तक बैंक परिसर में मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने बैंक कर्मचारियों और शाखा प्रबंधक के साथ मारपीट की. बैंक कर्मियों के मुताबिक, पहले दो लोग करंट अकाउंट खुलवाने के बहाने बैंक में दाखिल हुए, जिसके कुछ ही देर बाद दो अन्य डकैत भी अंदर आ गए। चारों के पास हथियार थे.

10 मिनट में बैंक लूट, 3 करोड़ का सोना लेकर फरार
हथियार के बल पर डकैतों ने सभी कर्मचारियों को एक ओर खड़ा कर दिया और बैंक मैनेजर के साथ मारपीट करते हुए कैश काउंटर और लॉकर तक पहुंच गए. इसके बाद वे करीब 4 लाख रुपये नकद और लगभग 3 किलो सोना लेकर फरार हो गए. शुरुआती अनुमान के अनुसार, लूटे गए सोने की कीमत 2 से 3 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है.
नाकेबंदी, CCTV जांच और छापेमारी जारी
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि चार डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया है. पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है.
इसे भी पढ़ें : धनबाद में फिर भू-धंसान, टंडाबाड़ी बस्ती में दहशत
फिलहाल पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. उनके पदभार संभालने के बाद यह जिले की बड़ी डकैती की घटना मानी जा रही है, जिससे अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है.
