RANCHI : एक तस्वीर में स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर लगाया गया है, जहां लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने की कोशिश की जा रही है. वहीं दूसरी तस्वीर उसी इलाके की है, जहां लोग गंदगी, दुर्गंध और बदहाल व्यवस्था के बीच जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं. सुखदेव नगर की ये दो तस्वीरें इलाके की जमीनी हकीकत को सामने रखती हैं. इलाके में जगह-जगह कचरा जमा होने और आसपास दुर्गंध होने की शिकायत स्थानीय लोगों ने की है. लोगों का कहना है कि यहां नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं होती. लंबे समय से गंदगी के बीच रहने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में काफी परेशानी होती है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, शौचालयों की स्थिति भी ठीक नहीं है. कई शौचालय जाम हैं और उनकी नियमित सफाई नहीं होने की बात कही जा रही है. लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से भी रोजाना सफाई की व्यवस्था नहीं की जाती.

कचरे और जर्जर भवनों के बीच रहने को मजबूर लोग
सिर्फ सफाई ही नहीं, बल्कि यहां रहने वाले लोगों की परेशानी भवनों तक पहुंच गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई भवनों में लंबे समय से टूट-फूट है और उनकी मरम्मत नहीं हो पाई है. ऐसे में उन्हें इन्हीं परिस्थितियों के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है. एक स्थानीय निवासी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि चारों तरफ कचरा है, शौचालय साफ नहीं हैं और रोजाना सफाई नहीं होने के कारण यहां रहना मुश्किल हो रहा है.
एक दिन का इलाज नहीं, नियमित सफाई और मरम्मत की मांग
यानी एक ही जगह पर दो अलग-अलग तस्वीरें दिखाई देती हैं एक तरफ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास, तो दूसरी तरफ बुनियादी साफ-सफाई और रहने की व्यवस्था को लेकर लोगों की शिकायतें.अब स्थानीय लोगों की मांग है कि सिर्फ एक दिन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के बजाय इलाके की नियमित सफाई, जाम शौचालयों की व्यवस्था और भवनों की मरम्मत जैसी बुनियादी समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाए. क्योंकि लोगों के लिए स्वस्थ रहना सिर्फ इलाज मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में रहना भी जरूरी है.
इसे भी पढ़ें : पीएम मोदी के जन्मदिन पर सुखदेव नगर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच
