RANCHI : झारखंड पुलिस एसोसिएशन और डुमरी विधायक व JLKM प्रमुख जयराम महतो के बीच कथित गाली-गलौज वाले वायरल वीडियो को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. रविवार को धनबाद जिला पुलिस एसोसिएशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक जयराम महतो से माफी मांगने की मांग की. इसके बाद जयराम महतो ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस एसोसिएशन पर पलटवार किया.
दरअसल, विवाद की शुरुआत एक कथित वायरल वीडियो से हुई. वीडियो में बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच बातचीत सुनाई दे रही है. आरोप है कि बातचीत के दौरान विधायक ने थाना प्रभारी के साथ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया. वीडियो सामने आने के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की थी.
इसे भी पढें : सावधान रांची! जलजमाव में छिपा है जानलेवा ‘रैट फीवर’
जयराम महतो ने सोशल मीडिया पोस्ट से दिया जवाब
पुलिस एसोसिएशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद जयराम महतो ने फेसबुक और एक्स पर पोस्ट कर अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि वह ईमानदार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों का सम्मान करते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी. जयराम महतो ने पुलिस एसोसिएशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी विधायक के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर बयान देने वाले पदाधिकारियों की छवि भी साफ-सुथरी होनी चाहिए.
अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
जयराम महतो ने अपने पोस्ट में कुछ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि कुछ अधिकारियों के खिलाफ पहले से जांच या मामले चल रहे हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने कुछ मामलों का जिक्र करते हुए अधिकारियों पर वित्तीय अनियमितता, जमीन से जुड़े विवाद और अन्य गंभीर मामलों में संलिप्त होने के आरोप लगाए. जयराम महतो ने यह भी कहा कि उनके पास इन मामलों से जुड़ी जानकारी और दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं.
विधायक ने पुलिस एसोसिएशन को चुनौती देते हुए कहा कि वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं, लेकिन वे भी तथ्यों और दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह लाइव या प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस मामले पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे. इस पूरे विवाद के बीच अब निगाहें पुलिस एसोसिएशन की अगली प्रतिक्रिया और जयराम महतो के अगले बयान पर टिकी है. फिलहाल, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप ने झारखंड में पुलिस और विधायक के बीच टकराव को चर्चा का विषय बना दिया है.
