Vijay Thakur Godda:जिले और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की 13 मोटरसाइकिल, दो मास्टर चाबी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोला पंडित (30), पिता स्व. शिव कुमार पंडित, निवासी पुरानी साहेबगंज, कुहार, थाना साहेबगंज, जिला साहेबगंज और अभिषेक कुमार (19), पिता अमरेश कुमार मंडल, निवासी रामराय बाग, खुटहरी, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित गोड्डा, साहेबगंज और झारखंड के आसपास के इलाकों के अलावा बिहार के भागलपुर जिले में मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की गई बाइक को भागलपुर जिले के आसपास के क्षेत्रों में अज्ञात लोगों के हाथ बेच दिया जाता था। पूछताछ में दोनों ने कई बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
13 चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हीरो स्प्लेंडर प्लस की छह, हीरो सुपर स्प्लेंडर की चार, हीरो ग्लैमर की दो और हीरो एचएफ डीलक्स की एक बाइक बरामद की है। इसके अलावा दो मास्टर चाबी और विम्बो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
भोला पर 14, अभिषेक पर छह मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, भोला पंडित के खिलाफ मेहरमा, महागामा, कहलगांव, बोरियो, नगर साहेबगंज समेत विभिन्न थानों में मोटरसाइकिल चोरी और अन्य संबंधित धाराओं के 14 मामले दर्ज हैं। वहीं अभिषेक कुमार के खिलाफ मेहरमा, बोरियो राज, ललमटिया समेत विभिन्न थानों में छह मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम
मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और अन्य सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद की।
छापेमारी दल में मेहरमा थाना प्रभारी सह पुअनि सौरभ कुमार ठाकुर, बोआरीजोर थाना प्रभारी सह पुअनि आशीष कु यादव, बलबड्डा थाना प्रभारी सह पुअनि पंकज कुमार सिंह, ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी सह पुअनि राजन कुमार राम, बसंतराय थाना प्रभारी सह पुअनि सत्यदीप कुमार, हनवारा थाना प्रभारी सह पुअनि विकास कुमार समेत मेहरमा थाना के पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड शामिल थे
पुलिस के इस करवाई से गोड्डा और आस पास के क्षेत्रो में मोटरसाइकिल चोरी की घटना में अंकुश लग सकती हैं

Share
