GARHWA : रमकंडा के उत्क्रमित जमा दो उच्च विद्यालय में छात्रों के धार्मिक कलावा और माला उतरवाने तथा मारपीट के आरोप के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है.
इसे भी पढ़े : जमशेदपुर में पुलिस-आरोपी मुठभेड़, राहुल हत्याकांड का मुख्य आरोपी शब्बे एनकाउंटर में घायल !
अरबी शिक्षक मोहम्मद होमैदुल्लाह को तत्काल प्रभाव से हटाकर भवनाथपुर के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मकरी में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है.
अभिभावकों और ग्रामीणों ने इंटरनेट मीडिया और फोन के जरिए शिकायत की थी कि विद्यालय में छात्रों के धार्मिक कलावा और गले के लॉकेट जबरन हटाए गए.
विरोध करने पर बच्चों के साथ मारपीट की गई और धार्मिक आस्था से जुड़ी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं.
कुछ अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों पर एक धर्म विशेष से जुड़े शब्द बोलने का दबाव बनाया गया.
इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.आरोपों के बाद 8 जुलाई को बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया. इससे पठन-पाठन बाधित हुआ और तनाव की स्थिति बन गई.
उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से शिक्षक का स्थानांतरण किया. उन्हें अगले आदेश तक मकरी स्कूल में योगदान देने को कहा गया है.
आदेश में स्पष्ट है कि उनका वेतन मूल विद्यालय से ही देय होगा.मामले की गंभीरता देखते हुए बुधवार को एडीपीओ और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है.
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी. शिक्षक का पक्ष अभी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है.
इसे भी पढ़ें : हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: जेल वार्डरों को पुलिस के बराबर मिलेगा वेतन
