RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के हिनू निवासी इंजीनियर दंपती के नेपाल में लापता होने का मामला सामने आया है. अंकित रंजन और उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा यूके में रहते हैं और दोनों पेशे से इंजीनियर हैं. दोनों यूके से नेपाल घूमने पहुंचे थे. इसके बाद से ही उनका परिवार से संपर्क टूट गया है. परिजनों के मुताबिक, 26 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे अंकित रंजन और अंकिता चंद्रा नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे. इसी दौरान अंकित की अपने छोटे भाई तनय रंजन से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी. इसके बाद दोनों से किसी तरह का संपर्क नहीं हो पाया है.
26 अगस्त के बाद से संपर्क बंद
अंकित के छोटे भाई तनय रंजन ने बताया कि 26 अगस्त को बातचीत के बाद से ही परिवार दोनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है. परिवार लगातार उनकी तलाश में जुटा है और दोनों के सुरक्षित होने की उम्मीद कर रहा है. तनय के अनुसार, उनके बड़े भाई अंकित रंजन ने 2009 में रांची छोड़ दी थी. इसके बाद वह यूके चले गये और वहीं इंजीनियर के तौर पर काम करने लगे. अंकित ने बाद में यूके की नागरिकता भी हासिल कर ली. उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा भी यूके में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं.
परिवार को सुरक्षित वापसी की उम्मीद
दंपती के लापता होने से परिवार बेहद चिंतित है. परिजन नेपाल में उनकी तलाश और सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास कर रहे हैं. परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही अंकित रंजन और अंकिता चंद्रा के बारे में कोई जानकारी मिलेगी और दोनों सकुशल वापस लौटेंगे.
इसे भी पढें : फसल बीमा के लिए अब जरूरी होगी किसान आईडी, डिजिटल व्यवस्था से जुड़ेगी किसानों की पहचान
